ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली पुलिस की बड़ी कामयाबी, दो करोड़ की शराब पकड़ी, बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे तस्कर

चंदौली। बलुआ पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1200 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल ट्रक भी जब्त किया गया है। आरोपी हरियाणा से शराब लेकर बिहार जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए ट्रक में शराब को लकड़ी के बुरादे से भरी प्लास्टिक की बोरियों के नीचे छिपाया गया था।

 

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन में बलुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी राम जनम यादव और सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम गंगा नदी पर बने बलुआ पुल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। यह मार्ग वाराणसी से बिहार की ओर जाता है। इसी दौरान चंदौली की तरफ से आ रहे संदिग्ध ट्रक (HR65A5988) को रोकने का प्रयास किया गया। ट्रक से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे दो लोगों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश निवासी लताश और पंजाब के मोहाली जिले के लालडू थाना क्षेत्र निवासी वीरेंद्र के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई OLD HABBIT व्हिस्की की 1200 पेटी बरामद हुई। इसमें 750 मिलीलीटर की 195 पेटी, 375 मिलीलीटर की 296 पेटी और 180 मिलीलीटर की 809 पेटी शामिल हैं। शराब की कुल मात्रा 11,408.76 लीटर बताई गई है।

 

एक लाख रुपये के लालच में कर रहे थे तस्करी

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे चंडीगढ़ के पास एक अज्ञात व्यक्ति से शराब लदा ट्रक लेकर बिहार जा रहे थे। वहां शराब ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। इसके बदले उन्हें एक लाख रुपये मिलने थे। पुलिस को चकमा देने के लिए बुरादे की बोरियां ऊपर रखी गई थीं।

 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलुआ थाने में मुकदमा संख्या 304/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रक के अलावा एक मोबाइल फोन, 3700 रुपये नकद, पर्स, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किए गए हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!