
चंदौली। अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना के आधार पर महादेवपुर रेलवे लाइन अंडरपास के पास से की गई।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को अलीनगर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक संदिग्ध लावारिस ट्रक की तलाशी के दौरान मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटियों से 7,200 शीशियां (720 लीटर) अवैध कोडीन एवं एस्कफ कफ सिरप बरामद किया गया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान ट्रक चालक दयाशंकर का नाम सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 28 जुलाई को कार्रवाई करते हुए इनामी आरोपी दयाशंकर पुत्र स्व. जनक सिंह, निवासी जमालपुर, थाना मतसेना, जनपद फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चार बोरियों में रखी 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक का चालक है। वाराणसी से गुवाहाटी जा रहे मुर्गी दाने के ट्रक में प्रयागराज से कोडीन युक्त कफ सिरप छिपाकर लोड किया गया था, जिसे पश्चिम बंगाल पहुंचाया जाना था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रांसपोर्टर के कहने पर उसने और उसके साथियों ने ट्रक से कुछ अवैध माल निकालकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था। वह उसी छिपाए गए माल को लेने आया था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

