
चंदौली। जनपद में गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर बुधवार को अपने गुरु से आर्शीवाद प्राप्त करने के लिए जहां जिले भर में एक दिन पूर्व ही शिष्यों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है, वहीं नगर स्थित नए सरकार की कुटिया भी आस्थावानों से गुलजार हो गई है। यहां स्थानीय भक्तों के साथ गैर प्रांत भक्तों की भीड़ देखने को मिली। इसके चलते समूचा उपवन खचाखच भर गया। उधर कुटिया के बाहर लगे मेले का भी लोगों ने खूब लुत्फ उठाया।

गुरु पूर्णिमा पर गुरु में आस्था रखने वाले लोग अपने गुरु की विधि विधान से पूजा कर उनसे आर्शीवाद प्राप्त करते हैं। लोगों की मान्यता है कि बिना गुरु के ज्ञान नहीं मिलता। गुरु ही ऐसे माध्यम हैं जिनके सहारे मनुष्य ईश्वर को प्राप्त कर सकता है। बुधवार को नए सरकार की कुटिया में उनके सैकड़ों की संख्या में चाहने वालों का जमावड़ा लगा रहा। इसमें जनपद के भक्तों के साथ अन्य प्रांतों के भक्तों की लंबी तादात देखने को मिली। इन सभी बातों के इतर विशालकाय परिसर में भोजन बनाने आदि की व्यवस्था को लेकर महिला भक्तों के साथ पुरूष भी प्रसाद के रूप में भोजन बनाने के साथ लोगों की सेवा में लगे रहे। इनका मानना है कि सेवा मनुष्य का परम धर्म है। इसके बिना जीवन के रहस्य को जान पाना असंभव है।
दूसरी ओर कुटिया के बाहर दो दिन पूर्व से ही मेले के मद्देनजर रंग बिरंगे खिलौनों की दुकानों के सजने के साथ सौंदर्य प्रसाधन के सामान व चाट पकौड़ी की दुकानें सज गई हैं। रंग-बिरंगे खिलौनों की खरीदारी में नन्हें-मुन्हें बच्चे जहां दुकानों पर भीड़ लगाए रहे, वहीं झूलों पर भी वे अपनी बारी की प्रतिक्षा करते देखे गए। मेला देखने के लिए भारी संख्या में भीड़ जुटी रही। वहीं दूसरी ओर पड़ाव स्थित अवधूत भगवान राम के आश्रम सहित अन्य स्थानों पर अपने गुरु का दर्शन पूजन करने को लेकर आस्थावनों का सैलाब उमड़ा रहा।

