
चंदौली। सकलडीहा तहसील में सोमवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब एक अधिवक्ता ने तहसील कर्मी पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया। घटना के बाद अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में वकील तहसील परिसर में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर घेराव किया। अधिवक्ता लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

अधिवक्ता उपेंद्र सिंह का आरोप है कि तहसीलदार कार्यालय में माल बाबू के पद पर तैनात साकिब अंसारी ने एक फाइल पास कराने के एवज में 5,000 रुपये की मांग की थी। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। अधिवक्ता का दावा है कि इसी दौरान उन पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अधिवक्ता समाज के लोग तहसील परिसर पहुंच गए और आरोपित कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं का कहना है कि दोषी के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। घटना के बाद तहसील परिसर में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

