
चंदौली। मुगलसराय कस्बे में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने और प्रशासनिक कार्यवाही में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में मुगलसराय पुलिस ने रसकुंज और परंपरा स्वीट के दो संचालकों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों का चालान कर दिया गया।
4 मई को धर्मशाला रोड स्थित परंपरा स्वीट्स के पास प्रशासन द्वारा सड़क चौड़ीकरण को लेकर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दुकान संचालक ईस्टर्न बाजार निवासी अजय जायसवाल और सुनील जायसवाल मौके पर पहुंचकर उग्र हो गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। आरोप है कि दोनों ने न केवल प्रशासनिक टीम के कार्य में बाधा डाली, बल्कि मारपीट पर भी आमादा हो गए और वहां मौजूद अन्य लोगों को भड़काने का प्रयास किया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस टीम ने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और मौके पर तनावपूर्ण माहौल उत्पन्न हो गया। इस दौरान अभियान की कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ भी दोनों अभियुक्तों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप है।
इस संबंध में थाना मुगलसराय पर मुअसं 218/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को पकड़कर उनका चालान किया गया है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी शांति व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

