
चंदौली। जनपद में भीषण गर्मी और लगातार सामने आ रही विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने बुधवार को गोधना मोड़ स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय के विद्युत कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए शिकायत रजिस्टर की जांच की। इस दौरान उन्होंने कुछ उपभोक्ताओं को स्वयं फोन कर बिजली कटौती, फॉल्ट और शिकायतों के निस्तारण की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आम जनता की कॉल समय पर न उठाने या शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर, लो-वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति जैसी समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहना चाहिए। शासन की मंशा है कि लोगों को गर्मी के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिले और शिकायतों का त्वरित समाधान हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और शिकायत निस्तारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली संबंधी किसी भी समस्या के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9415696764 तथा टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा संबंधित बिजली उपकेंद्रों पर भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। इस दौरान अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

