ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: शहाबगंज में मंडलीय निरीक्षण अधिकारी का औचक निरीक्षण, विकास खंड कार्यालय और पीएचसी की व्यवस्थाएं देखी, दिए निर्देश

संवाददाता: बाबू चौहान 

चंदौली। मंडलीय निरीक्षण अधिकारी प्रज्ञा सिंह ने बुधवार को शहाबगंज विकास खंड कार्यालय एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयी कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, योजनाओं की प्रगति तथा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य निष्पादन के निर्देश दिए।

 

विकास खंड कार्यालय पहुंचने पर प्रज्ञा सिंह ने विभिन्न पटल प्रभारियों से उनके कार्यों, लंबित प्रकरणों और संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए कहा कि सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित और अद्यतन रखे जाएं। साथ ही प्रत्येक योजना का क्रियान्वयन शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

 

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचे। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

 

इसके बाद मंडलीय निरीक्षण अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी और अन्य चिकित्सकों से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्था तथा आवश्यक संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

 

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रज्ञा सिंह ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आए सभी तथ्यों, कमियों और समस्याओं का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर मंडलायुक्त को भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई कर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के समय प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एल.बी. शर्मा, डॉ. रजनीश, डॉ. मनीष, डॉ. ए.के. श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट सरवन, लैब टेक्नीशियन अमरनाथ, डॉ. कांति त्रिपाठी, डॉ. सुनीता पांडे, वार्ड बॉय हरिद्वार प्रसाद सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!