ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: डीएम ने बालगृह और वृद्धाश्रम का किया निरीक्षण, बच्चे को गोद में लेकर पुचकारा, सुविधाओं के बाबत दिए निर्देश

चंदौली। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने सोमवार को बिछिया कला स्थित राजकीय बालगृह (शिशु) एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण तथा मद्धुपुर स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल, स्वास्थ्य, खान-पान, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बिछिया कला स्थित बालगृह के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां रह रहे अनाथ बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य और देखरेख की व्यवस्था को देखा। उन्होंने पंजीयन रजिस्टर का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी ली। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर देखभाल पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने मौके से ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को फोन कर बच्चों की पढ़ाई के लिए पार्ट-टाइम शिक्षक नियुक्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का बच्चों के प्रति संवेदनशील रवैया भी देखने को मिला। उन्होंने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उन्हें बिस्कुट व चिप्स वितरित किए। हाल ही में बालगृह में आई नौ माह की मासूम बच्ची को उन्होंने गोद में उठाकर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली और अधिकारियों से उसकी देखभाल के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद जिलाधिकारी ने मद्धुपुर स्थित वृद्धाश्रम का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बुजुर्गों से सीधे संवाद कर भोजन, दवाइयों और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। वृद्धाश्रम के सभी आवासियों ने समय पर मिलने वाले गुणवत्तापूर्ण भोजन, नियमित दवाइयों और अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने शयन कक्ष, रसोईघर और पूरे परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं की गुणवत्ता देखी।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम वृद्धजनों का नियमित रूटीन स्वास्थ्य परीक्षण कर रही थी। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि बुजुर्गों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने पूर्व में 10 दिन के अंतराल पर होने वाले स्वास्थ्य परीक्षण के स्थान पर अब प्रत्येक सप्ताह स्वास्थ्य टीम द्वारा अनिवार्य रूप से वृद्धों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!