
चंदौली। यूजीसी रेग्युलेशन को समाप्त करने, एससी/एसटी एक्ट को समाप्त करने, आर्थिक आधार पर आरक्षण समेत अन्य मांगों को लेकर सवर्ण आर्मी के सदस्यों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। एडीएम के पत्रक लेने पर कार्य़कर्ता भड़क गए और डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए और धरने पर बैठ गए। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर भारी फोर्स तैनात रही।
सवर्ण आर्मी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय स्थित धरनास्थल पर धरना दिया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित मांगपत्र सौंपने के लिए जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ता जिलाधिकारी को पत्रक सौंपना चाहते थे, लेकिन डीएम की गैरमौजूदगी में एडीएम पत्रक लेने पहुंचे। इससे कार्यकर्ता भड़क गए और कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ गए।
कार्यकर्ताओं का कहना रहा कि जब से देश आजाद हुआ है तब से आरक्षण की व्यवस्था सामाजिक और जातिगत आधार पर लागू है। इससे सवर्ण समाज में काफी लोग गरीबी और बदहाली के शिकार हैं। इसलिए पूरे सवर्ण समाज को सरकारी व्यवस्था से वंचित न रखा जाए। उन्होंने एससी/एसटी एक्ट को समाप्त करने की भी मांग की।
कार्यकर्ताओं का कहना रहा कि आरक्षण की व्यवस्था को आर्थिक आधार पर लागू किया जाना चाहिए, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को इसका लाभ मिल सके। आरोप लगाया कि एससी/एसटी एक्ट का दुरुपयोग सिर्फ धनउगाही के लिए किया जा रहा है। ऐसे में इसे समाप्त किया जाना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने यूजीसी रेग्युलेशन 2026 को समाप्त करने और सवर्ण आयोग के गठन की मांग की।

