
चंदौली। जमीन की खरीद-फरोख्त में फर्जी दस्तावेज तैयार कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर जालसाज को धानापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कूटरचित अभिलेखों के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराकर लाखों रुपये हड़पने का आरोप है। पुलिस ने उसे सकरारी मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मीना देवी पत्नी मुकेश खरवार की तहरीर पर थाना धानापुर में मुकदमा संख्या 63/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पश्चिम बंगाल निवासी शहामुद्दीन शेख ने विश्वास में लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और जमीन के वास्तविक स्वामित्व से संबंधित अभिलेखों में हेराफेरी की।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अरशद पुत्र शम्सुद्दीन, निवासी ग्राम पुरा चेता दूबे, थाना धानापुर के नाम पर स्वयं को प्रस्तुत कर जमीन की रजिस्ट्री कराई। इतना ही नहीं, उसने अपने छोटे भाई जसिमुद्दीन शेख के नाम से भी कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसे जमीन का मूल मालिक दर्शाते हुए दूसरी रजिस्ट्री करवा दी। आरोप है कि इस फर्जीवाड़े के जरिए एक रजिस्ट्री में चार लाख रुपये तथा दूसरी रजिस्ट्री में करीब साढ़े आठ लाख रुपये की धनराशि प्राप्त की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में धानापुर पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त शहामुद्दीन शेख पुत्र मजीद शेख, निवासी ग्राम हरिशपुर, थाना पाइको, जनपद वीरभूमि (पश्चिम बंगाल) को सकरारी मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ इसी प्रकरण में मुकदमा दर्ज है। उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन, उपनिरीक्षक संजय ओझा तथा हेड कांस्टेबल राजेश यादव शामिल रहे।

