ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली को मिले 42 नए प्राविधिक सहायक, जनप्रतिनिधियों ने नियुक्ति पत्र देकर दी शुभकामनाएं

चंदौली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से चयनित प्राविधिक सहायकों को मंगलवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इसी दौरान जनपद के लिए चयनित 42 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह और चकिया विधायक कैलाश खरवार ने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह नजर आया। जनप्रतिनिधियों ने उन्हें जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने की सलाह दी।

राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बिना भेदभाव और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवा में अवसर उपलब्ध करा रही है। योग्यता के आधार पर चयनित इन युवाओं की जिम्मेदारी अब और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सभी 42 प्राविधिक सहायक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनसेवा करें। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

 

चकिया विधायक कैलाश खरवार ने कहा कि प्रदेश सरकार की पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया का परिणाम है कि युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। चंदौली जैसे कृषि प्रधान जिले में 42 नए प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति से कृषि विभाग के कार्यों को और मजबूती मिलेगी।

 

उन्होंने कहा कि प्राविधिक सहायक ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों से सीधे संपर्क कर कृषि योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। कृषि उत्पादन बढ़ाने, किसानों को आधुनिक तकनीक की जानकारी देने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने में इनकी जिम्मेदारी महत्वपूर्ण होगी।

 

जनप्रतिनिधियों ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में चयन के साथ ही जनहित के प्रति जिम्मेदारी भी जुड़ जाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे और किसानों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव समेत कृषि विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!