fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर की संपत्ति कुर्क, अवैध तरीके से अर्जित की थी संपत्ति

चंदौली। अपराध पर नकेल कसते हुए जिला प्रशासन ने अलीनगर थाना क्षेत्र के टड़ियां स्थित गैंगस्टर विकास यादव की अचल संपत्ति को कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 की धारा 14(1) के अंतर्गत की गई। प्रशासन की सख्ती से अपराधियों में खलबली मच गई।

विकास यादव ग्राम कैथा टड़िया का निवासी है। उसके खिलाफ थाना बलुआ में केस संख्या 56/2025, धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है। प्रशासन द्वारा कुर्क की गई संपत्ति में विकास यादव का दो मंजिला मकान शामिल है, जो अराजी संख्या 230 पर स्थित है। यह मकान लगभग 0.0024 हेक्टेयर भूमि पर बना हुआ है और कैथा टड़िया गांव में स्थित है।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और गैरकानूनी गतिविधियों से अर्जित संपत्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई को वाराणसी मंडल के जिलाधिकारी के न्यायालय के आदेश पर अंजाम दिया गया। मामला तहसील वाद संख्या 521/2025 से संबंधित है। कुर्की की कार्रवाई के दौरान राजस्व व पुलिस विभाग की टीम मुस्तैद रही। मौके पर नियामताबाद के नायब तहसीलदार अमितकर, क्षेत्राधिकारी सदर राजीव कुमार सिसोदिया, सकलडीहा थाना प्रभारी हरिनारायण पटेल, बबुरी थाना प्रभारी सूर्यप्रकाश मिश्र, अलीनगर थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा एवं मुगलसराय कोतवाल गगनराज सिंह मौजूद रहे।

 

 

Back to top button