
चंदौली। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सकलडीहा पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रात्रि के समय अवैध रूप से मिट्टी खनन में लगी एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर को सीज कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में सकलडीहा पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम ओरवा में जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर की मदद से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने खनन विभाग को अवगत कराया और संयुक्त टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान सूचना सही पाई गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन तथा बिना नंबर प्लेट के एक ट्रैक्टर को मौके से सीज कर दिया। दोनों वाहनों को नियमानुसार कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस संयुक्त अभियान में खनन निरीक्षक सिद्धार्थ शंकर पाण्डेय अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं पुलिस टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद ने किया। अभियान में कांस्टेबल प्रश्विन दूबे, कांस्टेबल रोहित गौड़ तथा महिला आरक्षी धीरज सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने भी भाग लिया।
पुलिस और खनन विभाग ने संयुक्त रूप से कहा कि जनपद में अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन की गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

