
चंदौली। जनपद में नए शैक्षणिक सत्र के साथ ही सरकारी विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए “स्कूल चलो अभियान” को व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशन और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सचिन कुमार के नेतृत्व में शिक्षा विभाग इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने में जुटा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना और किसी भी बच्चे को शिक्षा से वंचित न रहने देना है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों और विभागीय कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करें और विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों को चिन्हित कर उनका तत्काल नामांकन सुनिश्चित करें।
शिक्षा विभाग की टीमें ईंट-भट्ठों, मलिन बस्तियों, झुग्गी-झोपड़ियों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सर्वे अभियान चला रही हैं। अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों की सुविधाओं और निःशुल्क शिक्षा के बारे में जागरूक किया जा रहा है। वहीं नए छात्रों का स्वागत रोली-चंदन का टीका लगाकर, पुष्प वर्षा और मिठाई वितरित कर किया जा रहा है, ताकि बच्चों में विद्यालय के प्रति सकारात्मक माहौल बने।
बीएसए सचिन कुमार ने बताया कि सरकारी विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का कार्य तेजी से चल रहा है। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में सीएसआर (CSR) फंड और विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आकर्षक कक्षाएं, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बेहतर फर्नीचर, खेल सामग्री और ज्ञानवर्धक पेंटिंग्स की व्यवस्था की जा रही है, ताकि बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों जैसी गुणवत्तापूर्ण और डिजिटल शिक्षा का वातावरण मिल सके।
उन्होंने बताया कि कक्षा 5 और 8 उत्तीर्ण विद्यार्थियों का क्रमशः कक्षा 6 और 9 में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके लिए ‘प्रेरणा पोर्टल’ के माध्यम से प्रत्येक बच्चे की डिजिटल ट्रैकिंग की जा रही है, ताकि कोई भी छात्र बीच में पढ़ाई न छोड़े। साथ ही अभिभावकों को बताया जा रहा है कि सरकारी विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा के साथ यूनिफॉर्म, पुस्तकें, स्कूल बैग, जूते-मोजे तथा मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

