
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ढुन्नू गांव में शनिवार सुबह शार्ट सर्किट से मड़ईनुमा मकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। अगलगी की घटना में घर-गृहस्थी का सामान खाक हो गया। वहीं चार बकरियां भी जलकर मर गईं। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना के बाद पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया।
ढुन्नू गांव निवासी रामनिहोर विश्वकर्मा शनिवार सुबह अपने परिवार के साथ बाजार गए हुए थे। इसी दौरान सुबह करीब 9:30 बजे उनके घर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। घर मड़ईनुमा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आसपास के लोगों ने जब धुआं और लपटें उठती देखीं तो मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
आग की चपेट में आकर घर में बंधी चार बकरियों की मौत हो गई। इसके अलावा एक साइकिल, दो पंखे, चारपाई, चौकी, बिस्तर, कारपेंट्री का सामान और खाने-पीने की सामग्री भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य घरों को बचाया जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही शहाबगंज थाना से उप निरीक्षक प्रभुनाथ यादव मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं तहसील प्रशासन की टीम ने भी पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता और उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

