
संवाददाता-बाबू चौहान
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर शहाबगंज पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शनिवार देर शाम किशोरी अपने घर के दरवाजे पर मौजूद थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के दो युवक उसे पैसे देने का झांसा देकर बहला-फुसलाकर घर के पास स्थित एक टीनशेड की ओर ले गए। वहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसी दौरान परिवार के एक सदस्य की नजर पड़ने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मामले में प्रीतम गिरी और संजय बनवासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है। थाना प्रभारी कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। साथ ही घटना से संबंधित साक्ष्यों को जुटाने और आरोपों की पुष्टि के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है।

