
चंदौली। पीडीडीयू नगर पालिका परिसर स्थित ओवरहेड टैंक की सफाई के दौरान रविवार दोपहर करंट की चपेट में आने से 47 वर्षीय मजदूर अचेता हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ काम कर रहे मजदूर आनन-फानन में उसे राजकीय महिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, ठेकेदार की ओर से पीड़ित परिवार को तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद की गई।
नगर पालिका परिसर में ठेकेदार के माध्यम से ओवरहेड टैंक की सफाई का कार्य कराया जा रहा था। अलीनगर थाना क्षेत्र के सदलपुरा गांव सभा के घोड़सार निवासी राजेश कुमार (47) भी अन्य मजदूरों के साथ सफाई कार्य में जुटे थे। टैंक के अंदर जमा पानी निकालने के लिए मड पंप लगाया गया था।
रविवार दोपहर राजेश कुमार मड पंप को चालू करने के लिए बटन दबाने पहुंचे। बताया जा रहा है कि बटन को छूते ही वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। हादसा देख साथ काम कर रहे मजदूरों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजेश की मौत की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी चमेला देवी, पुत्र प्रिंस कुमार, रविकांत और पुत्री रितु सहित अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर ओवरहेड टैंक की सफाई के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत की जानकारी मिली है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि घटना के बाद ठेकेदार की ओर से मृतक के परिवार को तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

