ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

चंदौली: मिसाल बनी दो युवाओं की पहल, पहले किया रक्तदान, फिर पहनाई एक दूसरे को वरमाला

चंदौली। जिला मुख्यालय पर गुरुवार को हुई शादी आम शादी नहीं थी। बैंड, बाजा बारात के साथ कुछ ऐसा भी था जो अमूमन आम शादियों में देखने और सुनने को नहीं मिलता। शादी से पहले दूल्हा और दुल्हन ने रक्तदान किया, गरीब बच्चों में भोजन वितरित करने के बाद ही एक दूसरे को वरमाला पहनाई और मंडप में पवित्र अग्नि को साक्षी मानते हुए सात फेरे लिए। बात हो रही है अजीत सोनी और प्रियंका की जिनकी शादी एक मिसाल बन गई। युवा जोड़े की इस पहल की सराहना हो रही है।


नगर पंचायत चंदौली के गौतम नगर निवासी अजीत सोनी काफी दिनों से समाजसेवा के कार्य में जुटे हुए हैं। जनसहयोग संस्थान के माध्यम से वह गरीब बच्चों में शिक्षा की अलख जगाने के साथ रक्तदान भी करते रहते हैं। वहीं उनकी होने वाली पत्नी प्रियंका भी संगठन में सचिव के रूप में हमेशा योगदान देती रहती थीं। इसी बीच दोनों की रजामंदी से परिवार के लोगों ने शादी कराने का फैसला कर दिया। गुरुवार को नगर के दिव्य वाटिका में शादी समारोह का आयोजन हुआ। दोनों ने एक साथ रक्तदान किया, गरीब बच्चों में भोजन वितरण के बाद शादी की रस्म पूरी की गई। दूल्हा अजीत सोनी ने बताया कि समाज में अभी रक्तदान को लेकर कुछ लोगों में भ्रांति बनी हुई है। इसी भ्रांति को दूर करने के लिए उन्होने शादी से पहले रक्तदान करने का फैसला किया। जबकि गरीब बच्चों को भोजन कराने से उन्हे संतुष्टि मिलती है। दुल्हन प्रियंका का कहना था कि समाज को जागरूक करने के लिए और युवाओं को भी इस तरह की पहल करनी चाहिए।

Back to top button
error: Content is protected !!