
चंदौली। जिले के सैयदराजा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय के परिचारक संतोष मिश्रा ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी से परेशान होकर विद्यालय परिसर में अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना प्रार्थना सभा के दौरान हुई, जिससे विद्यालय परिसर में मौजूद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्कूल परिसर में हुई घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। इसे विद्यालय में चल रही गुटबाजी से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
संतोष मिश्रा पिछले दो माह से वेतन न मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे थे। वेतन संबंधी समस्या के चलते संतोष मिश्रा मानसिक और आर्थिक रूप से काफी परेशान थे। इसी तनाव में उन्होंने विद्यालय परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही संतोष मिश्रा ने अपने ऊपर पेट्रोल डाला, वहां मौजूद शिक्षकों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया और आत्मदाह करने से रोक दिया। शिक्षकों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद विद्यालय में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों और विद्यालय प्रशासन से बातचीत कर घटना के कारणों की जानकारी जुटाई। डीआईओएस ने बताया कि कोर्ट से संबंधित मामला होने की वजह से दो माह का वेतन रुका था। परिचारक का जुलाई माह का वेतन बन गया है, एक-दो दिनों में जारी कर दिया जाएगा।

