
चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मंगलवार को चन्द्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पी,समाज सुधारक,भारत रत्न बाबा साहब डॉ भीमराव आंबेडकर की 136 वीं जयंती मनाई गई।
कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि आज पूरा देश बाबा साहब डॉ भीम राव आंबेडकर की जयंती मना रहा है। यह भारतीय संविधान के प्रति लोगों का दृढ़ विश्वास है। संविधान के शिल्पी डॉ अंबेडकर के प्रति देश वासियों की दिवानगी यह साबित करती है कि भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा लोगों के रोम रोम में रची बसी है। ऐसे में देश व प्रदेश की सरकार संविधान को लगातार कमजोर करने का कुचक्र रच रही है। भाजपा सरकार पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल को समाप्त कर आम जनता की मूलभूत चिकित्सा सुविधा को व पंडित कमलापति त्रिपाठी के नाम को समाप्त करना चाहती हैं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय त्रिपाठी ने कहा कि बाबा साहब के भारतीय संविधान से ही पूरा देश संचालित होता है,आज समाज के प्रत्येक तबके को हक,अधिकार,न्याय, समानता, सम्मान की रक्षा के लिए संविधान ही एकमात्र साधन है, जिसको भाजपा सरकार समाप्त करना चाहती है। डा रामाधार जोसेफ सतीश बिंद रामानंद यादव शशि नाथ उपाध्याय राम मूरत गुप्ता दशरथ चौहान मदन लाल राकेश पाठक रामौतार यादव पवन पासवान बेलाल अंसारी सहित कांग्रेस जन उपस्थित थे। संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।

