ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : जीवितपुत्रिका पूजा के दौरान कर्मनाशा में डूबे दोनों बच्चों का शव दूसरे दिन बरामद, परिजनों में मचा कोहराम

चंदौली। कंदवा थाना के चारी गांव के समीप जीवितपुत्रिका पूजा के दौरान कर्मनाशा नदी में डूबे दोनों बच्चों का शव दूसरे दिन सोमवार को बरामद किया गया। गोताखोरों की मदद से गांव के पास ही दोनों शव बरामद किए गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

 

सीओ सकलडीहा ने बताया कि दोनों बच्चों का शव दूसरे दिन गांव के समीप नदी से बरामद किया गया। चारी गांव की महिलाएं जीवितपुत्रिका की पूजा करने के लिए रविवार की शाम कर्मनाशा नदी के तट पर गई थीं। महिलाएं पूजा कर रही थी। उसी दौरान दोनों बच्चे वहां पहुंचे और नदी में नहाने लगे। पानी के तेज बहाव के चलते दोनों डूब गए। एक की आयु 14-15 वर्ष और दूसरे की आयु लगभग 10 साल है।

 

घटना के बाद घाट पर मौजूद 15-20 की संख्या में ग्रामीण नदी में कूदे और बच्चों को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव और शाम के वक्त अंधेरा होने की वजह से उनका कहीं अता-पता नहीं चला। सूचना के बाद कंदवा पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों को ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकिन उनका पता नहीं चला। रात के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही थीं। दूसरे दिन सोमवार को दोनों शव बरामद किए गए।

Back to top button