fbpx
चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

चंदौलीः एसपी कार्यालय में घुसे कांग्रेसी, पुलिस से तीखी नोंकझोक, दर्जनों कार्यकर्ता गिरफ्तार

चंदौली। लखीमपुर खीरी की घटना और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में चंदौली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उग्र विरोध-प्रदर्शन किया। दर्जनों कार्यकर्ता एसपी कार्यालय में घुस गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सदर कोतवाली में भी कांग्रेस नेताओं ने धरना-प्रदर्शन किया।


कार्यकर्ताओं ने कहा कि योगी सरकार तानाशाही पर उतर आई है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे ने कार दौड़ाकर किसानों को कुचल दिया। इसमें दर्जनों घायल हुए। चार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। लेकिन सरकार ने दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। किसानों ने पहले ही आंदोलन की चेतावनी दी थी तो सरकार ने इंतजाम क्यों नहीं किया। यह एक बड़ा सवाल है। सरकार जानबूझकर किसानों की हत्या कराना चाहती है। किसानों के इस दुख में शरीक होने जा रहीं प्रियंका गांधी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसे सरकार की तानाशाही नहीं तो और क्या कहेंगे। आक्रोशित कार्यकर्ता एसपी कार्यालय में घुस गए और वहीं धरना दे दिया। पुलिस से कार्यकर्ताओं की तीखी नोंकझोक भी हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सदर कोतवाली में धरना दे दिया और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, वरिष्ठ नेता डा. नारायणमूर्ति ओझा, यूथ जिलाध्यक्ष माधवेंद्र मूर्ति ओझा, प्रदीप पांडेय, शिवेंद्र मिश्रा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!