
चंदौली। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने धनबाद और कोयम्बत्तूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन गोमो, कोडरमा, गया, डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, नागपुर, बल्लारशाह, वरंगल, विजयवाड़ा, गुडुर, काटपाडी, जोलारपेट्टै और ईरोड के रास्ते संचालित होगी।
गाड़ी संख्या 22363 धनबाद-कोयम्बत्तूर अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन 22 अगस्त 2026 से प्रत्येक शनिवार को होगा। ट्रेन धनबाद से शाम 4:10 बजे रवाना होकर 4:40 बजे गोमो, 5 बजे पारसनाथ, 5:23 बजे हजारीबाग रोड, 6:02 बजे कोडरमा, 7:30 बजे गया, 8:21 बजे अनुग्रह नारायण रोड, 8:40 बजे डेहरी ऑन सोन, 8:56 बजे सासाराम, 9:30 बजे भभुआ रोड और रात 10:40 बजे डीडीयू पहुंचेगी। इसके बाद विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सोमवार को शाम 6:30 बजे कोयम्बत्तूर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 22364 कोयम्बत्तूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस 25 अगस्त 2026 से प्रत्येक मंगलवार को सुबह 7:50 बजे कोयम्बत्तूर से रवाना होगी। यह ट्रेन गुरुवार सुबह 5:05 बजे डीडीयू, 5:56 बजे भभुआ रोड, 6:30 बजे सासाराम, 6:48 बजे डेहरी ऑन सोन, 7:03 बजे अनुग्रह नारायण रोड, 8:55 बजे गया, 10:25 बजे कोडरमा, 11 बजे हजारीबाग रोड, 11:18 बजे पारसनाथ और 11:48 बजे गोमो पहुंचेगी। ट्रेन दोपहर 1 बजे धनबाद पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन में शयनयान श्रेणी के 8, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11, एक पेंट्रीकार और दो एलएसएलआरडी समेत कुल 22 कोच होंगे। नई ट्रेन के संचालन से झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के बीच यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

