
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा धराव गांव के समीप धानापुर-चहनिया मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में अनियंत्रित बाइक जा घुसी। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अमरा गांव निवासी 55 वर्षीय नंदू राय पुत्र शिवधारी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया।
बताया जाता है कि नंदू राय मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटे का विवाह इसी माह हुआ था। शादी की खुशियां अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय नंदू राय ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। आशंका है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जान चली गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

