
चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में सोमवार सुबह इन्वर्टर की बैटरी में पानी डालते समय करंट की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाला दीपक तिवारी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान बभनपुरा गांव निवासी राकेश तिवारी के पुत्र दीपक तिवारी (28) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह दीपक घर में इन्वर्टर की बैटरी में पानी डाल रहे थे। इसी दौरान बैटरी का कनेक्शन निकालते समय वह करंट की चपेट में आ गए। अचानक हुए हादसे से घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन आनन-फानन में दीपक को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौत की पुष्टि होते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इकलौते बेटे को खोने के गम में माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इकलौते बेटे की मौत से मचा कोहराम
दीपक की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिवार के लोगों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों और परिचितों की भीड़ जुट गई। अचानक हुए इस हादसे से हर कोई स्तब्ध है। जिस घर में सुबह तक सामान्य दिनचर्या चल रही थी, वहां कुछ ही देर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

