ख़बरेंचंदौली

गैस सिलेंडर महंगा होने पर सपा विधायक का सरकार पर हमला, बोले– ‘आम जनता पर बढ़ा बोझ’

चंदौली। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। सकलडीहा से समाजवादी पार्टी के विधायक प्रभु नारायण यादव ने इस मुद्दे पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सिलेंडर के बढ़े दामों का असर सिर्फ व्यापारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सबसे ज्यादा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

 

विधायक ने कहा कि होटल, ढाबा और छोटे भोजनालयों में खाने वाले मजदूर, किसान और फैक्ट्री कर्मी अब सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस की कीमत बढ़ाकर सरकार ने गरीबों की थाली पर सीधा प्रहार किया है। “जो लोग पहले कम कीमत में पेट भर पा रहे थे, अब उनके लिए दो वक्त का भोजन भी मुश्किल होता जा रहा है,” उन्होंने कहा।

 

सपा विधायक ने अखिलेश यादव के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही आगाह किया था कि चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल, डीजल और गैस के दामों में वृद्धि होगी। उन्होंने दावा किया कि अब वही स्थिति सामने आ रही है और आने वाले समय में महंगाई और बढ़ सकती है।

 

भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई कम करने और गरीबी हटाने का वादा करती है, लेकिन हकीकत इसके विपरीत है। उनके मुताबिक, सरकार की नीतियों के चलते आम आदमी पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले दिनों में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल के दामों में और इजाफा हो सकता है, जिससे महंगाई का असर और व्यापक रूप से देखने को मिलेगा।

 

अंत में उन्होंने सरकार से मांग की कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों पर पुनर्विचार किया जाए और आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि गरीब और मध्यम वर्ग पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम किया जा सके।

 

Back to top button
error: Content is protected !!