ख़बरेंचंदौली

वाराणसी रिंग रोड फेज-II पर ट्रैफिक ब्लॉक, रात में बंद रहेगा यातायात, 30 सितंबर तक वाहनों के आवागमन पर पाबंदी

चंदौली। वाराणसी रिंग रोड फेज-II, पैकेज-II के संदहा–रेवसा खंड पर निर्माण कार्यों को तेज गति से पूरा करने के लिए रात में ट्रैफिक ब्लॉक लागू रहेगा। परियोजना स्थल पर प्रतिदिन सायं 8:00 बजे से प्रातः 8:00 बजे तक दोनों कैरिज-वे पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था 30 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।

 

अधिकारियों के अनुसार गंगा पुल के लेफ्ट हैंड साइड (LHS) कैरिजवे पर शेष निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। निर्माण कार्यों को सुरक्षित और निर्धारित समय में पूरा करने के उद्देश्य से राइट हैंड साइड (RHS) कैरिजवे का उपयोग भारी निर्माण मशीनों, उपकरणों और निर्माण सामग्री के आवागमन के लिए किया जा रहा है। ऐसे में कार्यस्थल पर सामान्य यातायात संचालित करना सुरक्षा की दृष्टि से संभव नहीं है।

 

निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों का कहना है कि परियोजना के दौरान भारी मशीनों की आवाजाही लगातार बनी रहेगी। इसे देखते हुए दोनों कैरिजवे पर रात के समय ट्रैफिक ब्लॉक लागू करने का निर्णय लिया गया है, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम हो।

 

जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में इस मार्ग का उपयोग करने से बचें। अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए प्रशासन और यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। साथ ही परियोजना स्थल पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था केवल निर्माण कार्यों की सुरक्षा और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है। नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा गया है कि वैकल्पिक मार्ग अपनाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

 

Back to top button
error: Content is protected !!