
चंदौली। निषाद वर्ग के हक और अधिकार को लेकर प्रयागराज बसवार से निकली कांग्रेस की नदी अधिकार यात्रा शनिवार को चंदौली पहुंची। यहां जिला इकाई कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया और आवाज बुलंद की। यात्रा की अगुवाई कर रहे ओबीसी सेल के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव और प्रदेश सविच देवेंद्र निषाद ने कहा कि प्रदेश सरकार निषाद जाति के लोगों का उत्पीड़न कर रही है। बसवार में जो हुआ वह पूरे प्रदेश ने देखा। निषाद लोगों की नाव तोड़ दी गई और उन्हें मारापीटा गया। कांग्रेस पार्टी निषाद वर्ग के लोगों से साथ खड़ी है और नदी अधिकार यात्रा के जरिए इस आवाज को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
नदी अधिकार यात्रा जिले में दो दिन रहेगी। बहादुरपुर में जनचाौपाल के जरिए निषाद वर्ग के लोगों को जागरूक किया गया। उन्हें बसवार में हुई घटना की जानकारी दी गई। यात्रा के चंदौली पहुंचने पर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी के नेतृत्व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और इसमें बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि यात्रा दो दिन चंदौली में रहेगी। कैली में रात्रि विश्राम के बाद रविवार को निषाद बस्तियों में चाौपाल के जरिए निषाद वर्ग के लोगों की समस्या सुनी जाएगी। उनकी आवाज को पार्टी शिद्दत से उठाएगी। कहा प्रदेश सरकार तानाशाह हो चुकी है। अवाज उठाने वालों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी सरकार की गलत नीतियों का विरोध करती रहेगी।