ख़बरेंचंदौली

डीएम ने मुगलसराय-बबुरी-लेवा मार्ग चौड़ीकरण कार्य का लिया जायजा, जल्द निर्माण पूर्ण कराने के दिए निर्देश

मानसून से पहले पुलिया और ड्रेनेज निर्माण पूरा करने का आदेश डीएम बोले-गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करें

चंदौली। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने गुरुवार को मुगलसराय-बबुरी-लेवा मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग पर निर्माणाधीन पुलियाओं एवं ड्रेनेज (नाली) कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को मानसून शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य हर हाल में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

डीएम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव और आवागमन संबंधी समस्याओं से बचने के लिए पुलिया एवं नाली निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मानसून से पूर्व ड्रेनेज व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करना आवश्यक है, ताकि स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का रुख काफी सख्त दिखाई दिया। उन्होंने अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड तथा कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से मौके पर उपस्थित रहकर कार्यों की निगरानी करने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके चौड़ीकरण से आवागमन सुगम होने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मैनपावर लगाने और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परियोजना निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जा सके।

 

उन्होंने निर्माण कार्यों में उच्च स्तरीय तकनीकी मानकों का पालन करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड तथा कार्यदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!