ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पूरी निष्ठा से करें दायित्वों का निर्वहन, दबाव में न आएं राजस्व कर्मी: जिलाधिकारी

ITI रेवसा सभागार में डीएम चन्द्र मोहन गर्ग ने की राजस्व विभाग की समीक्षा लापरवाही मिलने पर उप जिलाधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश`

चंदौली। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में गुरुवार को आई टी आई रेवसा सभागार कक्ष में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कड़े रुख में अधिकारियों और कर्मचारियों को आम जनमानस के हितों के लिए पूरी निष्ठा से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व विभाग सीधे जनता से जुड़ा है, इसलिए कर्मियों की जिम्मेदारी बहुत बड़ी है।

जिलाधिकारी ने कहा, “जनता को आप लोगों से बहुत उम्मीदें होती हैं। अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान बिना किसी दबाव के नियमानुसार कार्य करें। यदि सही कार्य करने से कोई रोकता है या गलत काम करने का दबाव बनाता है, तो इसकी सूचना सीधे मुझे दें।” उन्होंने कर्मचारियों को निर्भीक होकर काम करने का हौसला दिया।


राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को जमीन विवादों, घरौनी व अन्य लंबित मामलों को समय से निस्तारण करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि आगामी वृहद जन चौपाल के दौरान छोटी-मोटी शिकायतें सामने नहीं आनी चाहिए। कहा सभी राजस्व निरीक्षक व लेखपाल अपने कार्यक्षेत्र के लिए एक विशेष रजिस्टर बनाएंगे। इसमें क्षेत्र की समस्याओं और शिकायतों को दर्ज किया जाएगा। साथ ही, यह भी अंकित करना होगा कि कितनी शिकायतें प्राप्त हुईं और उनके सापेक्ष कितनों का निस्तारण कराया गया।

सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए डीएम ने कहा कि वे निर्धारित समय पर अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करें। अधीनस्थों को जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी राजस्व निरीक्षक या लेखपाल के स्तर पर लापरवाही या शिकायत मिलती है, तो संबंधित एसडीएम तत्काल जांच कराकर अग्रिम दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी न्याययिक रतन वर्मा सहित समस्त उपजिलाधिकारी एवं राजस्व से जड़े अधिकारी कर्मचारी गण उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!