
चंदौली। मुगलसराय में चोरों की सक्रियता के सामने पुलिस सुस्त नजर आ रही है। आएदिन हो रही चोरी की घटनाएं हो रही हैं। सुभाष नगर में एक सप्ताह के अंदर दो चोरियां हुईं। एक घटना में चोर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए। इसके बावजूद पुलिस अभी तक घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। ऐसे में नगरवासी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
मुगलसराय में गर्मी में भी चोरियां रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। किसी न किसी इलाके में आएदिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। चोर बड़े आराम से घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं। इसमें कई बड़ी चोरियां भी शामिल हैं, जिनमें चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया। पुलिस की कार्रवाई सिर्फ जांच-पड़ताल और मौका-मुआयना तक ही सीमित रही।
हाल के दिनों में हुई चोरी की किसी भी वारदात का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। इससे लोगों का भरोसा पुलिस से उठता जा रहा है। लोग पुलिस की सक्रियता और कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।