
चंदौली। जिले में जल संरक्षण, सिंचाई संसाधनों के विकास और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति तथा जिला मिशन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कृषि एवं जल संरक्षण योजनाओं की समीक्षा करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में जिला भूमि संरक्षण अधिकारी ने वर्ष 2025-26 में कराए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। साथ ही राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत संचालित ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ (अदर इंटरवेंशन) योजना के तहत वर्षा जल संचयन के लिए 13 खेत तालाबों के निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिसे समिति ने मंजूरी दे दी। इसके अलावा पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत 350 हेक्टेयर तथा वर्षा सिंचित क्षेत्र विकास योजना के तहत 30.50 हेक्टेयर क्षेत्र में 72 लाभार्थियों के लिए निर्धारित लक्ष्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

जिला भूमि संरक्षण अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026-27 में जनपद को 22×20×3 मीटर आकार के कुल 13 लघु खेत तालाबों के निर्माण का लक्ष्य मिला है। इनमें 11 सामान्य वर्ग और 2 अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के लिए निर्धारित हैं। सामान्य वर्ग के सभी 11 लाभार्थियों का चयन कर लिया गया है, जबकि अनुसूचित जाति के दो लाभार्थियों का चयन अभी किया जाना शेष है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक खेत तालाब के निर्माण पर किसानों को लागत का 50 प्रतिशत यानी अधिकतम ₹52,500 का अनुदान दिया जाएगा। यह राशि दो किश्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी। इसके अलावा पात्र किसानों को पंपसेट की खरीद पर भी 50 प्रतिशत या अधिकतम ₹15,000 तक का अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में योजना की पात्रता शर्तों की भी जानकारी दी गई। इसके अनुसार वही किसान इस योजना का लाभ उठा सकेंगे, जिन्होंने पिछले सात वर्षों के भीतर अपने खेत में सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली स्थापित की हो और वह वर्तमान में संचालित हो। यदि किसी किसान ने पहले यह प्रणाली नहीं लगाई है, लेकिन खेत तालाब के साथ इसे स्थापित करना चाहता है, तो उसे सत्यापन के समय उद्यान विभाग का त्रिपक्षीय अनुबंध प्रस्तुत करना होगा। पंपसेट पर अनुदान भी केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जो निर्धारित तिथि तक सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली स्थापित कर खेत तालाब का निर्माण पूरा कर लेंगे।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन एवं बुकिंग कर सकते हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, उप कृषि निदेशक भीमसेन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
