fbpx
चंदौलीराजनीति

Chandauli News : जयंती पर विकास पुरुष को किया नमन, पूर्व विधायक ललितेशपति त्रिपाठी बोले, चंदौली के भगीरथ व अन्नदाता थे पंडित जी

चंदौली। पंडित कमलापति त्रिपाठी स्मृति सेवा संस्थान की ओर से रविवार को विकास पुरुष पंडित कमलापति त्रिपाठी की 118वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें कृतज्ञ व श्रद्धा भाव से नमन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, पूर्व विधायक और विकास पुरुष के प्रपौत्र पंडित ललितेशपति त्रिपाठी ने सदर कचहरी के समीप पार्क में पंडित जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा की।

 

 

पूर्व विधायक ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि पूरे भारत में पंडित जी के जीवन काल में ही जन्मदिन मनाने की शुरुआत उनकी कर्मभूमि चंदौली से हुई। तमाम राजनीतिक, सामाजिक उतार-चढ़ाव के बाद भी चंदौली के भागीरथ, विकास पुरुष, अन्नदाता परम पूज्य पंडित कमलापति त्रिपाठी की जयंती चन्दौली के लोग हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि कमलापति त्रिपाठी चन्दौली के ब्रांड एम्बेसडर थे। पंद्रह साल की उम्र में ही न केवल संघर्ष काल की राजनीतिक जीवन यात्रा शुरू की, बल्कि 15 साल की उस छोटी उम्र में ही आजादी की लड़ाई में जेल भी चले गए। त्रिपाठी जी का विराट व्यक्तित्व परम्परा और आधुनिकता का एक आदर्श सेतु था। अपने सत्तर सालों के सार्वजनिक जीवन में कमलापति त्रिपाठी एक यशस्वी राजनेता के नाते जाने जाते हैं, यद्यपि वह मूल रूप से साहित्य के एवं पत्रकारिता जगत के बड़े आदमी थे। एक स्वतंत्रता सेनानी के रूप में गांधी जी के सभी आंदोलनों में पांच बार जेल गए। कहा कि पंडित जी का संसदीय जीवन भी पचास सालों का रहा था। सन् 1936 के अंत में हुए चुनाव में विधानसभा सदस्य बने थे। विधानसभा के अलावा देश की संविधान सभा, लोकसभा एवं  राज्यसभा में, चंद दिन कम पूरे पांच दशक के अपने विधायी जीवन में उ.प्र. के केबिनेट मंत्री, उप मुख्य मंत्री, मुख्य मंत्री, केंद्र में मंत्री, राज्यसभा में नेता विपक्ष आदि पदों के दायित्व निभाये। कांग्रेस में भी जिले एवं प्रदेश के अध्यक्ष के अतिरिक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और लंबे समय तक कार्यसमिति के सदस्य के रूप में संगठनात्मक दायित्व निभाए। राजनीतिक प्रशासक के रूप में उनकी छवि “विकास की राजनीति” से जुड़े आदर्श राजनेता की थी। पंडित जी की ओर से कराए गए विकास कार्यों की पूर्व एवं वर्तमान सरकारों ने मरम्मत तक नहीं कराया। चुनावी सभा कार्यक्रम में चन्दौली पॉलिटेक्निक कॉलेज की जो बाउंड्री वॉल तोड़ी गई आज 7 से 8 वर्षो तक उस बाउंड्री को भी नहीं जोड़ा गया बाउंड्री से लेकर बिल्डिंग तक खंडण्हर बन चुका है। राजकीय डिग्री कॉलेज में नए विषयों की मान्यता तक नहीं मिल पाई जस का तस पड़ा हुआ है। कांग्रेस सरकार में बने इसी डिग्री कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज में जनपद के जिला अधिकारी से लेकर तमाम बड़े अधिकारी निवास करते हैं। मेडिकल कॉलेज बनाने के नाम पर पंडित जी द्वारा बनवाए गए जिला अस्पताल को भी तोड़फोड़ कर तहस-नहस कर प्राइवेट हाथों में सौंपने की साज़िश की जा रही है। समारोह की अध्यक्षता धर्मेंद्र तिवारी और संचालन डॉ नारायण मूर्ति ओझा किया। इस मौके पर राम जी गुप्ता, देवेंद्र प्रताप सिंह, सपा नेता छोटू तिवारी, चन्दौली चेयरमैन गुड्डू यादव, आनंद शुक्ला, सतीश बिंद, राहुल सिंह, विवेक सिंह, नवीन पांडेय, श्रीकांत पाठक, रजनीकांत पांडेय, रामानंद यादव, डॉ राम आधार जोसेफ, प्रदीप मिश्रा, वीरेंद्र तिवारी, नरेंद्र तिवारी, हमीर शाह जायसवाल, अमरदेव राम आदि रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!