क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

छात्र हत्याकांड: मां पर टिप्पणी और रोज चिढ़ाने से था नाराज, मीशो से खरीदा चाकू लेकर कोचिंग पहुंचा आरोपी छात्र

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में कोचिंग छात्र की हत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। गिरफ्तार आरोपी छात्र ने पूछताछ में बताया कि वह कई दिनों से मृतक छात्र की हरकतों से परेशान था। मृतक कथित रूप से उसे लगातार चिढ़ाता था और उसकी मां को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था, जिससे वह बेहद नाराज चल रहा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने हत्या की योजना पहले से बना रखी थी। उसने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म मीशो से चाकू मंगाया था और घटना वाले दिन उसे अपने साथ लेकर कोचिंग सेंटर पहुंचा था। सुबह कोचिंग शुरू होने से पहले दोनों छात्रों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से बदला लेने की मानसिकता में था और इसी वजह से उसने पहले से तैयारी कर रखी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर उससे विस्तृत पूछताछ की है। मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, ऑनलाइन खरीदारी का रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। वहीं मृतक छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!