
चंदौली। जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़े मसाला ब्रांड रॉयल मसाले और RL मसाले की उत्पादन इकाइयों पर छापेमारी की। जांच के दौरान तैयार और कच्चे मसालों के कई नमूने एकत्र कर उन्हें परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए पूरे प्रदेश में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कमिश्नर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जिले में संचालित मसाला निर्माण इकाइयों की जांच की गई।
औचक निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने फैक्ट्रियों में तैयार हो रहे और भंडारित हल्दी, मिर्च, धनिया समेत विभिन्न मसालों की गुणवत्ता की जांच की। संदिग्ध पाए गए उत्पादों के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया गया तथा प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.एन. त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार और रणधीर सिंह यादव भी शामिल रहे।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी प्रकार की मिलावट या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित इकाइयों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

