क्राइमचंदौली

मुगलसराय में 70 लाख की स्ट्रीट लाइट और डेकोरेटिव पोल गायब, दो के खिलाफ मुकदमा, परियोजना पर उठे सवाल

चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में सड़क सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण स्ट्रीट लाइट परियोजना में लाखों की अनियमितता और चोरी का मामला सामने आया है। लोक निर्माण विभाग की निगरानी में संचालित इस परियोजना से संबंधित लगभग 55 से 70 लाख रुपये मूल्य की सामग्री गायब होने की शिकायत के बाद पुलिस ने दो कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीडीडीयू नगर तक सिक्स लेन और फोर लेन सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद डिवाइडर और सर्विस रोड के किनारे डेकोरेटिव पोल एवं स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य नीलांबरी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया था। परियोजना के लिए कंपनी ने जलीलपुर के पास एक गोदाम बनाया था, जहां स्ट्रीट लाइट और पोल से संबंधित सामग्री सुरक्षित रखी गई थी।

कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि उज्ज्वल चंद्रमणि ने क्षेत्राधिकारी तथा मुगलसराय कोतवाली में दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि गोदाम से बड़ी मात्रा में सामग्री गायब हो गई है। कंपनी के अनुसार, गोदाम की सुरक्षा और सामग्री के रखरखाव की जिम्मेदारी प्रतापगढ़ निवासी चंद्रभान वर्मा तथा लखनऊ निवासी अनुभव शुक्ला को सौंपी गई थी।
कंपनी का दावा है कि गायब हुई सामग्री की कीमत 55 से 70 लाख रुपये के बीच है। मामले की जानकारी होने पर पहले स्थानीय स्तर पर शिकायत की गई, इसके बाद आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के बाद मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कंपनी का कहना है कि सामग्री गायब होने से परियोजना का कार्य प्रभावित हुआ है। यह परियोजना शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है।

मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि कंपनी प्रतिनिधि की तहरीर के आधार पर चंद्रभान वर्मा और अनुभव शुक्ला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा गायब सामग्री की बरामदगी और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!