ख़बरेंचंदौली

बैठक में कोरम पूर्ति पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को दी चेतावनी

खाद्यान्न का वितरण समयबद्ध तरीके से और सुव्यवस्थित हो : जिलाधिकारी, जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण व सतर्कता समिति की बैठक

चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में खाद्यान्न सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी के अन्तर्गत जिला स्तरीय कमेटी व जिला सतर्कता समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा बैठक की समुचित तैयारी न करने पर जिलाधिकारी ने कोरम पूर्ति पर कड़ी चेतावनी दी। कहा शासन के मंशानुरुप राशन कार्ड धारकों को निशुल्क खाद्यान्न वितरण किया जाए। किसी प्रकार की जनपद में घटतौली की शिकायत ना मिले इसके लिए समय समय पर छापेमारी सुनिश्चित होती रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि विभागीय अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहें और खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। सतर्कता समिति की बैठक में अपात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड निरस्त कर नए पात्रों को शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया। जन वितरण प्रणाली (PDS) के तहत खाद्यान्न वितरण की समीक्षा और ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि गैस की जमाखोरी व अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी चलाएं। अवैध भंडारण व कालाबाजारी की सूचना पर उनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करें। साथ ही कोई भी एजेंसी संचालक निर्धारित राशि से अधिक की वसूली न करें इसकी भी जांच करें।

उन्होंने खाद्यान्न उठान में लगे डोर स्टेप वाहनों के परिचालन पर भी आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि खाद्यान्न उठान के लिए वाहन की जो कमी है, उसे तत्काल दूर करें और सभी जगहों पर ससमय खाद्यान्न को पहुंचाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों को जन वितरण प्रणाली दुकानों का वितरण के दौरान औचक निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया।
बैठक के दौरान समिति के सदस्य व चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, जिला खाद्य विपड़न अधिकारी राधवेन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला दिव्यांग जन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश नायक सहित सभी सप्लाई इंस्पेक्टर उपस्थित थे।

Back to top button
error: Content is protected !!