fbpx
चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

चंदौलीः यह लापरवाही पड़ी भारी, नप गए चकिया कोतवाली प्रभारी

चंदौली। काम में लापरवाही चकिया कोतवाल नागेंद्र सिंह को भारी पड़ी। एसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। दरअसल जिलाधिकारी संजीव सिंह व एसपी अमित कुमार ने शुक्रवार की शाम पुलिस लाइन में बैठक की। इसमें जिले में ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने व कच्ची शराब बनाने वालों पर शिकंजा कसने की रणनीति बनी। डीएम ने ओवरलोड वाहनों को सीज करने और अवैध शराब बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी ने मामलों के निस्तारण में लापरवाही पर चकिया कोतवाल नागेंद्र प्रताप सिंह को लाइनहाजिर कर दिया।

डीएम ने कहा, संभागीय परिवहन विभाग ओवरलोड वाहनों की जांच करे। जिले में ओवरलोड वाहनों का प्रवेश वर्जित है। इसके बावजूद क्षमता से अधिक भार लादकर ट्रकों के आवागमन की शिकायत मिलती रहती है। इससे सड़कें खराब हो रहीं। वहीं हादसों की आशंका भी बनी रहती है। यह विभागीय अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है। अधिकारी ओवरलोड वाहनों पर पैनी नजर रखें। उनको सीज किया जाए। उन्होंने कच्ची शराब बनाने वालों की निगरानी पर भी जोर दिया। बोले, कच्ची शराब पर रोक लगाने में पुलिस व आबकारी विभाग की भूमिका है। दोनों विभागों के अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर काम करते हुए कच्ची शराब बनाने वालों की नकेल कसें। ईंट भट्ठों व संदिग्ध स्थानों पर नजर रखी जाए। उन्होंने अभियोजन के मामलों में निष्पक्षता के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए। बोले, आरोपितों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाना चाहिए। नारी सुरक्षा, सम्मान व नारी स्वावलंबन पर सरकार का जोर है। महिलाओं को सामान अधिकार दिलाने, पीड़िताओं को न्याय दिलाने में तत्परता दिखाएं। महिला हेल्प डेस्क पर महिलाओं की समस्या सुनी जाए। साथ ही उनकी हरसंभव मदद करें। अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम, सुखराम भारती, सीओ सदर अनिल राय, शेषमणि पाठक, राजवीर सिंह के साथ ही विभागीय अधिकारी व एसओ उपस्थित रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!