fbpx
ख़बरेंचंदौलीराज्य/जिला

चंदौलीः व्यापारियों को हड़काना पड़ा भारी, कोआर्डिनेटर को पकड़ कर ले गई पुलिस

चंदौली। व्यापारियों से रोब गांठना खाद्य सुरक्षा विभाग से जुड़ी संस्था के कोआर्डिनेटर को भारी पड़ा। व्यापारियों ने ठग समझकर पुलिस को बुला लिया। पुलिस भी कोआर्डिनेटर को पकड़कर थाने ले गई। बाद में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने पुलिस को वास्तविकता से अवगत कराते हुए कोआर्डिनेटर को छुड़ाया। घटना शुक्रवार शाम जिला मुख्यालय के पुरानी बाजार की है। ग्लोबल आर्गनाइजेशन नामक संस्था के जिला कोआर्डिनेटर आलोक पांडेय चंदौली नगर में घूम-घूमकर ट्रेनिंग के लिए व्यापारियों से 700 रुपये की रसीद काट रहे थे। कई व्यापारियों ने रसीद कटवाने से ऐतराज किया। आरोप है कि रसीद नहीं कटवाने पर कोआर्डिनेटर द्वारा व्यापारियों को हड़काते हुए दुकान बंद कराने की धमकी दी गई। तकझक होने के बाद पवन सेठ की दुकान पर व्यापारियों ने उक्त संस्था के जिला कोआर्डिनेटर को घेर लिया। रसीद पर मध्य प्रदेश का पता देखा तो ठग समझकर सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। शिकायत पर पुलिस आलोक पांडेय को कोतवाली ले आई। पूछताछ में आलोक पांडेय ने खुद को संस्था का जिला कोआर्डिनेटर बताया और व्यापारियों को ट्रेनिंग देने जैसी योजना की जानकारी दी। साथ ही विभागीय लोगों से टेलीफोनिक बातचीत भी कराई। कुछ देर बार खाद्य सुरक्षा विभाग में तैनात औषधीय अनुदेशक अभिषेक पांडेय कोतवाली पहुंचे और उन्होंने व्यापारियों से काटी गई रसीदों को विधिक बताते हुए पुलिस से छोड़ने का आग्रह किया। जिसके बाद पुलिस ने कोआर्डिनेटर को छोड़ दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!