
चंदौली। अलीनगर क्षेत्र के रोहणा गांव में शुक्रवार दोपहर 22 वर्षीय नवविवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रोहणा निवासी राधेश्याम बिंद की पत्नी सोनी (22) दोपहर करीब दो बजे घर में पंखे का प्लग लगा रही थी। इसी दौरान पंखे में उतरे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई और अचेत होकर गिर पड़ी। कुछ देर बाद घर की एक बच्ची ने उसे जमीन पर पड़ा देखा और शोर मचाया। परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि सोनी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। उसका एक वर्ष का पुत्र है। हादसे के बाद पति समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि पंखे का प्लग लगाते समय करंट लगने से महिला की मृत्यु हुई है। प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

