
चंदौली। किसानों, नौजवानों और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता बिछियां धरनास्थल पर एकत्र हुए और धरना देकर सरकार तथा प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। धरने में पूर्व सांसद रामकिशुन यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसान, नौजवान, मजदूर और महिलाएं उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर बिजली, पानी और खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे खेती-किसानी गंभीर संकट का सामना कर रही है। धरना समाप्त होने के बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालने का निर्णय लिया।
जैसे ही सपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। हालांकि सपा कार्यकर्ताओं का उत्साह पुलिस की रोकथाम पर भारी पड़ा और वे बैरिकेडिंग पार करते हुए पूर्व सांसद रामकिशुन यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंच गए। वहां उन्होंने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।
पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि प्रदेश में किसान बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गड़ई नदी की खुदाई के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं और नदी के अस्तित्व पर संकट खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है और किसानों की फसलें प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने सरकार पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाने का काम कर रही है।
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि सरकार विकास और उपलब्धियों का दावा कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात चिंताजनक हैं। उन्होंने जल निगम की पानी टंकियों पर कार्यरत ऑपरेटरों को न्यूनतम मजदूरी न मिलने, बिजली व्यवस्था की बदहाली, सिंचाई संसाधनों की कमी और अधूरी विकास परियोजनाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया, जिससे किसान धान की नर्सरी तैयार नहीं कर पा रहे हैं।
सपा प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था, सरकारी अस्पतालों में दवाओं की कमी और गड़ई नदी परियोजना में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने का काम करेगी।
प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, नफीस अहमद, बिरेंद्र बिंद, मुसाफिर चौहान, दिलीप पासवान, छाया देवी, महेंद्र माही, अंजनी सिंह, रामप्रवेश खरवार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामजन्म यादव तथा संचालन संतोष उपाध्याय ने किया।

