ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पुलिस के हत्थे चढ़ा 25 हजार का इनामी, गोवंश लदा पिकअप छोड़कर भाग गया था आरोपी, तलाश रही थी पुलिस

चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में गोवंश तस्करी के मामले में करीब तीन माह से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सैयदराजा थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को वाराणसी के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित बेलवा बाबा लमही से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी गोवंश से लदी बोलेरो पिकअप को छोड़कर मौके से फरार हो गया था।

 

पुलिस के मुताबिक, पांच जून 2026 को उपनिरीक्षक गोपाल जी तिवारी पुलिस बल के साथ जमानिया तिराहा सैयदराजा पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एनएच-2 स्थित भतीजा मोड़ कट के पास से गोवंश लदा वाहन गुजर रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चंदौली की ओर से आ रही सफेद रंग की बोलेरो पिकअप UP 67 AT 7587 को रोकने का इशारा किया।

 

पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन को हाईवे की दक्षिणी लेन की ओर मोड़ दिया और खेतों के रास्ते भाग निकला। पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बांधे गए आठ गोवंश मिले। इनमें छह जीवित और दो मृत थे। मामले में वाहन स्वामी रामजीत सिंह और अज्ञात चालक के खिलाफ सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

वाहन मालिक का बेटा निकला आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की पहचान मनीष सिंह निवासी शिवरामपुर कला, थाना केराकत, जौनपुर के रूप में हुई। वर्तमान में वह बेलवा बाबा लमही, थाना लालपुर, वाराणसी में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस ने 25 सितंबर को उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया। 26 सितंबर को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

 

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद पिकअप उसके पिता रामजीत सिंह के नाम पंजीकृत है। पांच जून को पुलिस चेकिंग देखकर वह गोवंश लदे वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया था। आरोपी के खिलाफ थाना सैयदराजा में मु.अ.सं. 177/2026, धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम, धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और धारा 325 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश यादव समेत स्वाट व सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!