ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में दो नए प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट बनेंगे, स्वच्छ भारत मिशन की बैठक में सीडीओ के सख्त निर्देश

चंदौली। जिले में ठोस एवं प्लास्टिक कचरा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक में विकास खंड नियामताबाद के बहादुरपुर और विकास खंड चंदौली के लीलापुर में दो नई प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (PWMU) स्थापित करने का निर्णय लिया गया। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने मिशन कार्यालय को इन दोनों इकाइयों की स्थापना के लिए जल्द प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही पहले से निर्मित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिटों को तत्काल संचालित करने के भी आदेश दिए गए।

 

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर आयोजित जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण में तेजी लाने तथा लंबित ऑनलाइन आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में सामुदायिक शौचालयों के बेहतर संचालन पर विशेष जोर दिया गया। सीडीओ ने सभी सहायक विकास अधिकारियों (एडीओ पंचायत) को निर्देशित किया कि प्रत्येक सामुदायिक शौचालय की दीवार पर उसके खुलने और बंद होने का समय स्पष्ट रूप से अंकित कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा शौचालयों की देखरेख कर रहे केयरटेकरों को हर माह समय से मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

 

ओडीएफ प्लस मॉडल गांवों की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी एडीओ पंचायत को शत-प्रतिशत द्वितीय सत्यापन रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। समीक्षा में यह सामने आने पर कि कुछ जनपद स्तरीय अधिकारी मॉडल गांवों के सत्यापन कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं, उन्होंने नाराजगी जताई और ऐसे अधिकारियों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 

बैठक में परियोजना निदेशक, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कंसलटेंट, जिला परियोजना प्रबंधक, सभी खंड विकास अधिकारी तथा सहायक विकास अधिकारी (एडीओ पंचायत) मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!