ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश, दो आरोपियों को पुलिस ने दबोचा, अवैध खनन मामले से हैं संबंधित

चंदौली। चकिया कोतवाली के गणेशपुर बंधी के समीप पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। उनके पास से अवैध तमंचा बरामद किया गया। दोनों अवैध खनन रोकने पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन में शामिल रहे थे। पुलिस दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई में जुटी रही।

 

पुलिस के अनुसार 9 मई को रेंजर चकिया अखिलेश दुबे ने चन्द्रप्रभा रेंज के ग्राम अलीपुर भांगड़ा क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर बिना अनुमति के अवैध खनन करते मिले। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वाहनों को कब्जे में ले लिया।

 

आरोप है कि इसी दौरान महेंद्र राव, उनके भाई विजेंद्र राव और 80 से 100 की संख्या में महिला-पुरुषों की भीड़ ने पुलिस और वन विभाग की टीम को घेर लिया। उपद्रवियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए सड़क पर पत्थर रखकर चक्का जाम किया और राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया।

 

इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर चकिया पुलिस ने गणेशपुर बंधी के पास एक सफेद स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार गाड़ी का दरवाजा खुलते ही आरोपी संदीप कुमार ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, लेकिन गोली निशाने से चूक गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। उसके साथ परदेशी नामक दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार पुत्र रामकिशुन और परदेशी पुत्र महादेव निवासी शिकारगंज थाना चकिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक मिस कारतूस, एक स्विफ्ट कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे महेंद्र राव के बुलावे पर धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए थे और भीड़ को उकसाकर पुलिस व वन विभाग की कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर आगे की जांच में जुटी हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!