ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: एसपी ने निर्माणाधीन पुलिस चौकी का किया निरीक्षण, इलाके में सख्ती, यातायात नियमों के उल्लंघन पर 7 दिन में 1772 वाहनों का चालान

चंदौली। यातायात व्यवस्था को सुचारू और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को थाना मुगलसराय क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन चंधासी पुलिस चौकी, चंधासी कोयला मंडी और थाना मुगलसराय का स्थलीय जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस समय चंधासी मंडी में यातायात व्यवस्था सख्त हो गई है। 7 दिन में 1772 वाहनों का चालान किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष मुगलसराय और चौकी प्रभारी चंधासी की मौजूदगी में निर्माणाधीन चंधासी पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में उपयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नई चौकी बनने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को और मजबूती मिलेगी।

इसके बाद एसपी ने चंधासी कोयला मंडी पहुंचकर यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। मंडी क्षेत्र में भारी वाहनों के दबाव के कारण अक्सर मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लगने और ट्रकों के अतिक्रमण की शिकायतें मिलती रही हैं। इस समस्या को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस ने पिछले सात दिनों में विशेष अभियान चलाकर 1772 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की और कुल 37 लाख 14 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

लगातार कार्रवाई और ट्रांसपोर्टरों के साथ समन्वय का असर निरीक्षण के दौरान साफ दिखाई दिया। जहां पहले मुख्य सड़क पर ट्रकों की लंबी कतारें लगती थीं, वहीं अब अधिकांश ट्रक सर्विस रोड पर खड़े मिले और मुख्य मार्ग काफी हद तक खाली दिखाई दिया। हालांकि कुछ स्थानों पर अब भी ट्रक खड़े पाए गए, जिन्हें हटाने और कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने यातायात निरीक्षक और उनकी टीम की सक्रिय कार्यशैली की सराहना की।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना मुगलसराय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नए भर्ती आरक्षियों से संवाद कर उनके प्रशिक्षण और कार्य अनुभव की जानकारी ली। साथ ही अपराध रजिस्टर, विवेचना फाइलों और मालखाने का निरीक्षण कर सभी अभिलेखों को डिजिटल और भौतिक रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाने में जलभराव, क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल और साफ-सफाई की समस्याओं पर भी ध्यान दिया गया। एसपी ने पुलिस बैरक, मेस और शौचालयों की व्यवस्था सुधारने तथा पुलिसकर्मियों के बेहतर रहन-सहन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

Back to top button
error: Content is protected !!