ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: ट्रेलर ने साइकिल सवार मजदूर को रौंदा, मौत, परिवार में मचा कोहराम

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कटरिया के पास नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से 60 वर्षीय मजदूर भोला मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों को गहरा सदमा लगा है।

 

मृतक की पहचान कुंडलिया गांव निवासी भोला मौर्य के रूप में हुई है। वह रोज की तरह साइकिल से औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक स्थित फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे। सुबह के समय जैसे ही वह कटरिया के समीप हाईवे पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत अलीनगर थाना पुलिस को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भोला मौर्य ही परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे और मजदूरी कर घर का खर्च चलाते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है।

 

अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

 

Back to top button
error: Content is protected !!