
चंदौली। जिले के चहनिया बाजार में सोमवार को दिनदहाड़े एक बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी पर जानलेवा हमला हुआ। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दो नामजद के खिलाफ केस दर्ज किया है।
लक्ष्मणगढ़ निवासी संजय सिंह अपनी बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक कुछ लोग वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के व्यापारी को निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए और कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि हमले में शामिल आरोपी धानापुर थाना क्षेत्र के नेदिलपुर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनकी पहचान अभिषेक सिंह उर्फ पिन्टू और सन्नी सिंह उर्फ शिव प्रताप सिंह के रूप में की है। हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को उपचार के लिए भेजा गया। एसओ ने बताया कि घटना की सूचना के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हमला करने वाले धानापुर के निवासी है। घटना की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

