
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत हो गई। फत्तेपुर खुर्द के पास तेज रफ्तार डीसीएम ट्रक और बुलेट में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय राजेश यादव, निवासी महमदपुर (कैथवलिया), जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश यादव पूर्व सैनिक थे और वर्तमान में नौगढ़ क्षेत्र में निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। रविवार सुबह वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
डीसीएम ट्रक ब्रेड लादकर चंदौली से शहाबगंज होते हुए चकिया की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक फत्तेपुर खुर्द के पास पहुंचा, सामने से आ रही बुलेट बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

