ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: आदर्श नहर परियोजना में गड़बड़ी के आरोप, धरौली में साइफन निर्माण न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

चंदौली। जिले में संचालित आदर्श नहर निर्माण परियोजना पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर आरोप सामने आए हैं। धरौली क्षेत्र में जल निकासी के लिए प्रस्तावित साइफन का निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

 

ग्रामीणों का कहना है कि धरौली से बेन तक नहर परियोजना के तहत सफाई, मरम्मत, पुलिया निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य होना था। इसके लिए शासन द्वारा करीब छह करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत किया गया है। बावजूद इसके, धरौली स्थित महत्वपूर्ण साइफन का निर्माण अब तक पूरा नहीं किया गया, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

बताया जा रहा है कि भारतमाला परियोजना के पास स्थित इस साइफन के माध्यम से सैकड़ों एकड़ खेतों का पानी निकाला जाता है। वर्तमान में यह पूरी तरह जाम हो चुका है, जिससे जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था और सिंचाई विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से परियोजना के कार्यों में अनियमितता बरती जा रही है और कई काम अधूरे छोड़ दिए गए हैं।

 

शनिवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण साइफन स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि यदि समय रहते साइफन का निर्माण नहीं कराया गया, तो उनकी फसलें बर्बाद हो जाएंगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों और जिला प्रशासन की होगी।

 

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि आदर्श नहर परियोजना के तहत अन्य स्थानों पर कुछ साइफनों का निर्माण किया गया है, लेकिन धरौली के इस महत्वपूर्ण स्थान को नजरअंदाज किया गया है। इससे यह संदेह और गहरा हो रहा है कि परियोजना में पारदर्शिता की कमी है।

 

एसडीओ ने बताया कि उक्त साइफन को मूल एस्टीमेट में शामिल नहीं किया गया था। हालांकि ग्रामीण इस तर्क को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं और उनका कहना है कि जब पूरी नहर प्रणाली के सुधार का दावा किया जा रहा है, तो इस महत्वपूर्ण जल निकासी बिंदु को कैसे छोड़ा जा सकता है। प्रदर्शन में बनारसी सिंह, मानसिंहकर सिंह, भोला सिंह, विवेक सिंह और पन्नालाल जायसवाल समेत अन्य शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!