चंदौली। पुलिस और यातायात विभाग की ओर से संचालित यातायात माह का गुरुवार को समापन हो गया। हरिओम हास्पिटल की ओर से पुलिस लाइन में कैंप लगाया गया। डा. विवेक सिंह और उनकी टीम ने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की और स्वस्थ रहने के टिप्स भी दिए।
पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन सुखराम भारती और क्षेत्राधिकारी यातायात रघुराज जनपद के पर्यवेक्षण में नवंबर में यातायात माह मनाया गया। समापन अवसर पर यातायात पुलिस के कर्मियों सहित होमगार्ड और पीआरडी के जवानों पुलिस लाइन के कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया। हरिओम हॉस्पिटल के डॉक्टर विवेक सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस के कर्मचारी पूरे दिन खड़े रहते हैं। इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए। पुलिस विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने वाले डा विवेक सिंह व उनकी टीम को यातायात पुलिस ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशान सुखराम भारती, प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक घनश्याम प्रजापति, करण यादव, सीबू, विष्णुकांत तिवारी मौजूद रहे।